जौनपुर । मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस पर आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। इसके लिए 21 और 28 जनवरी को बूथों पर कैंप भी लगाए जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ओपी मिश्र ने बताया कि एक जनवरी 2018 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन कर दिया गया है। निर्वाचक नामावली में नाम समिल करने का कोई दावा या किसी के नाम पर आपत्ति हो तो उसे दर्ज कराया जा सकता है। यदि नाम, पते में कोई गड़बड़ी हो तो उसके संशोधन के लिए 31 जनवरी तक आवेदन किए जा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए प्रारूप छह, प्रवासी नागरिकों द्वारा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए प्रारूप छह ए, मृतक मतदाताओं का नाम हटाने के लिए प्रारूप सात एवं एक ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में किसी अन्य मतदेय स्थल पर नाम स्थानांतरित कराने हेतु प्रारूप आठ (क) फार्म भरे जा सकते हैं। पुनरीक्षण के लिए 21 एवं 28 जनवरी को विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने समस्त बूथ लेवल अधिकारियों को विशेष अभियान की तिथियों में अपने मतदेय स्थल पर उपस्थित रहने को कहा गया है। नागरिक मतदेय स्थलों की सूची जौनपुर के एनआईसी की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
बदलापुर/घनश्यामपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी को बूथों पर लोगों को निर्भीक होकर निष्पक्ष मतदान करने की शपथ दिलाई जाएगी। तहसीलदार चंद्रशेखर यादव ने शुक्रवार को तहसील सभागार में आयोजित बीएलओ की बैठक में कहा कि वे अपने बूथ पर मतदाताओं को शपथ दिलाना सुनिश्चित करें। यह भी ध्यान रखें कि मतदाता सूची से एक भी मतदाता वंचित न हो। महिला तथा दिव्यांग मतदाताओं का नाम जरूर शामिल किया जाए।