जौनपुर। लोकसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की अनदेखी किसी भी प्रत्याशी के लिए भारी पड़ सकती है। जिले में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में कम है। जिले में पुरुषों की अपेक्षा एक लाख 98 हजार 189 महिला मतदाता कम हैं। इसके बावजूद उनकी इच्छाओं और आकांक्षाओं की उपेक्षा करना किसी भी प्रत्याशी के लिए भारी पड़ सकता है क्योंकि जिले में कुल 15 लाख नौ हजार 334 महिला वोटर हैं।
जिले के दो लोकसभा सीटों जौनपुर व मछलीशहर पर चुनाव का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। इस चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में पूरा प्रशासनिक अमला लग गया है। मतदाता सूची को अद्यतन करने का काम चल रहा है। राजनैतिक पार्टियां भी मतदाताओं में पैठ बनाने लगी हैं। इस दौरान गोष्ठी व रैली आदि के माध्यम से मतदाताओं को लुभाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। मगर माहौल बनाने के तमाम प्रयास के बावजूद महिलाओं तक पहुंचना मुश्किल है। मगर यह भी हकीकत है कि महिला वोटरों की अनदेखी की गई तो उनको यह भारी पड़ सकती है। जिले में कुल 32 लाख 17 हजार एक मतदाता हैं। जिसमें 15 लाख नौ हजार 334 महिला वोटर हैं। जबकि 17 लाख सात हजार 523पुरुष वोटरों की संख्या है। इस दौरान देखा जाए तो जिले में पुरुष वोटरों से मात्र एक लाख 98 हजार 189 महिला मतदता कम हैं। जबकि 144 वोटर अन्य हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्र का कहना है कि महिला मतदाताओं की संख्या कम है। जो भी छूटा रह गया है, उसे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विधानसभा - पुरुष वोटर - महिला वोटर
बदलापुर - 167225 - 149269
शाहगंज - 195176 - 166825
जौनपुर - 208231 - 182451
मल्हनी - 180747 - 166155
मुगराबादशाहपुर- 191851 - 166979
मछलीशहर - 198401 - 174042
मड़ियाहूं - 166524 - 146226
जफराबाद - 195900 - 173868
केराकत - 203468 - 183519
-------------------------------------------------
योग - 1707523 - 1509334
--------------------------------------------------