केराकत(जौनपुर)। तहसील अधिवक्ता संघ के चुनाव की तिथि बुधवार को घोषित कर दी गई। चुनाव की तिथि घोषित होते ही परिसर में अधिवक्ता चुनाव प्रचार में जुट गए।
चुनाव समिति के सदस्यों की बैठक रजनीकांत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के होने वाले चुनाव के कार्यक्रम की रूप रेखा तय कर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया। रजनीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि तहसील अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के लिए होने वाले चुनाव के लिए 28 व 29 दिसंबर को 10 बजे से लेकर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। 31 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। दो जनवरी को सुबह 10 बजे से दो बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी। 10 जनवरी को 10 बजे से दो बजे तक मतदान कराया जाएगा। ढाई बजे मतगणना शुरू होगी। मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। तहसील में कुल 127 अधिवक्ता हैं जो अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बैठक में महेंद्र शंकर पांडेय, लालबहादुर यादव, उदयराज, छोटेलाल के साथ चुनाव समिति के सदस्य उपस्थित रहे।