बदलापुर / घनश्यामपुर । रविवार को बदलापुर नगर पंचायत की पहली बैठक में राज्य वित्त आयोग एवं चौदहवां वित्त आयोग की तीन करोड़ 61 लाख रूपयों से विकास कार्य कराने का फैसला लिया गया । इस धन से सड़क, इंटरलॉकिंग , जल निकासी हेतु नाला निर्माण , प्रकाश की व्यवस्था, कंटेनर, कंटेनर लिफ्टर वाहन तथा लैडर की खरीद पर खर्च की जायेगी ।
अध्यक्ष को नगरपंचायत के दैनिक विकास कार्यों के सुचारु रूप से संचालन हेतु वित्तीय अधिकार देने, राज्य वित्त आयोग और चौदहवें वित्त की अवशेष धनराशि से नगर में विकास कार्य कराने, स्वच्छ भारत मिशन के क्रियान्वयन करने हेतु समय समय पर व्यय होने वाली धनराशि पर विचार किया गया। नगर की सफाई व्यवस्था को चुस्त- दुरुस्त बनाने के लिए उपकरणों की खरीद, सड़क, इंटरलाकिंग और जल निकासी की व्यवस्था करने का प्रस्ताव पास किया गया। पंचवर्षीय कर निर्धारण करने संबंधी प्रस्ताव पर सभासदों ने हंगामा किया और प्रस्ताव पास नहीं होने दिया । सभासदों ने गरीबों में कंबल वितरण कराने के लिए कहा। जल्द स्थान खोज कर उस पर सभा कक्ष बनवाने पर भी विचार किया गया। अध्यक्षता बोर्ड की अध्यक्ष अमरदेयी तथा संचालन टी एन सिंह ने किया । उपस्थित लोगों के प्रति आभार राजस्व निरीक्षक मिथिलेश कुमार मिश्र ने व्यक्त किया । इस मौके पर सभासद काजल रजक , राजेश कुमार गौतम , श्यामबहादुर यादव , उदयराज यादव , हरिजीत शर्मा , प्रिंसी , जीतेंद्र प्रताप सिंह , रानी , लक्ष्मीनारायण पाण्डेय , नईम हासमी , योगेंद्र यादव तथा शकुंतला मौजूद थीं ।