भूजल सुधार के लिए हुई बैठक में अधिकारी
जौनपुर। भूजल संरक्षण मिशन के तहत तकनीकी समन्वय समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार मेें हुई। इसमें जल के अति दोहन वाले ब्लाकों में भूजल सुधार के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत किया गया। समिति के सदस्यों से विचार विमर्श के बाद इस कार्ययोजना को अनुमोदित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि प्रमुख सचिव लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग के निर्देशानुसार बदलापुर, केराकत व सिरकोनी ब्लाक जल के अतिदोहन श्रेणी के ब्लाक हैं। इनकी कार्य योजना प्रस्तुत की गई जिसे अनुमोदित किया गया। उन्होंने बताया कि इस योजना में भूजल संचयन के लिए तीन वर्षों की कार्य योजना विभिन्न विभागों की ओर से तैयार की गई। जिन ब्लाकों में पानी का दोहन अधिक है वहां भूजल स्तर में सुधार कर उसे सामान्य श्रेणी में लाया जाएगा। साथ ही सिंचाई एवं पेयजल की स्थिति में भी सुधार होगा। बैठक में एक्सईएन लघु सिचाई विनोद यादव, हाइड्रोलाजिस्ट भूगर्भ जल विभाग वाराणसी महातम सिंह यादव, अधीक्षण अभियंता. सिचाई एसके सिंह, सहायक अभियंता लघु सिचाई उमाकांत तिवारी, परियोजना निदेशक डा.रमेश चंद्र यादव, सामाजिक वानिकी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।