जौनपुर। प्रमुख सचिव दुग्ध डॉ. सुधीर एम बोबडे़ ने बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने इनामी अपराधियों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक केके चौधरी ने बताया कि इस माह में मारपीट की अधिक घटनाएं हुई हैं। डकैती, छिनैती, चोरी और सनसनीखेज घटनाओं में कमी आई है। गुंडा एक्ट में गत वर्ष की तुलना में अधिक कार्रवाई की गई है। त्योहार रजिस्टर को अपडेट कराया जा रहा है। संपूर्ण समाधान दिवस में भी सकारात्मक सुधार हो रहा है।
नगर मजिस्ट्रेट इंद्रभूषण वर्मा ने बताया कि जिले में भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रमुख सचिव ने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 102,108 तथा 181 महिला हेल्प-लाइन पर काल कर जानकारी प्राप्त करें। कर-करेतर की समीक्षा में स्टांप, रजिस्ट्रेशन लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली की कमी मिलने पर प्रगति लाने का निर्देश पीके सिंह को दिया। सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि अधिकाधिक वादों का निस्तारण करें। 50 लाख परुये से अधिक के निर्माण कार्य जो 75 फीसदी हो चुके हैं, उसके लिए धनराशि की मांग की जाए। कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि दिसंबर 2017 और मार्च 2018 तक धन प्राप्त होने पर हर हालत में पूर्ण कराएं। सीएमओ डा. ओपी0 सिंहस सीएमएस डा. एसके पांडेय से कहा कि सभी अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाएं मुहैया कराएं। डीपीओ को कुपोषण गांव घोषित कराने का निर्देश दिया। सभी उप जिलाधिकारी अभियान चलाकर बच्चों के आधार कार्ड बनवाएं। अधीक्षण अभियंता विद्युत एके मिश्र को मछलीशहर में 400 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए जमीन उपलब्ध होने पर कार्यवाही कराने का निर्देश दिया। डीएसओ अजय सिंह को राशनकार्डों का सत्यापन कराकर पात्र लाभार्थियों को राशन दिलाने, डीपीआरओं को ओडीएफ के लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्यवाही करने और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की कार्ययोजना बनाकर हर माह लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडीओ आलोक सिंह, सीवीओ डा. विरेंद्र सिंह, डीडीओ दयाराम, डीएसटीओ रामनरायन यादव, उपायुक्त मनरेगा कमलेश सोनी उपस्थित रहे।