सुईथाकला। ब्लाक सभागार में बुधवार को हुई क्षेत्र पंचायत सदस्यों और प्रधानों की बैठक में ब्लाक के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थित नहीं होने पर सदस्यों ने आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की। साथ ही निंदा प्रस्ताव पास किया।
बैठक की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव ने की। कार्यवाही शुरू होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश बर्मा ने ब्लॉक के सभी अधिकारी कर्मचारी के बैठक में न होने पर आपत्ति की। निंदा प्रस्ताव पारित कर कार्यवाही की मांग की गई। पूर्व की कार्यवाही के दौरान नदारत कर्मचारियों पर की गई कार्यवाही के बारे में जानना चाहा तो एडीओ पंचायत ने कार्रवाई न होने पर सदन में क्षमा मांगी। अनुपस्थिति पर इंसपेक्टर विपणन व आपूर्ति निरीक्षक पर कार्यवाही की मांग की गई। सदन में पंकज मिश्रा ने उसरौली, सुकर्णाकला, भैसौली, उचगांव ,लौदा गंगौली, दुमदुमा, समोदपुर, कम्मरपुर का नलकूप पिछले आठ वर्षो से खराब होने का मुद्दा उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता यादव ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुइथाकलां के प्रभारी के किसी गांव में रात्रि विश्राम की मांग उठाई। ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव ने समी क्षेत्र पंचायत सदस्यों से कार्य योजना में शामिल करने के लिऐ कार्य योजना मांगी। सहायक विकास अधिकारी कृषि देवी वर्मा ने बताया कि राजकीय बीज गोदाम रामनगर में चना, मटर, सरसो, गेहूं का बीज उपलब्ध है। संचालन जेपी सिंह ने किया। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष कमलेश मिश्र प्रधान ललित दीक्षित, बबलू पांडेय, राधेमोहन यादव, पीयूष चंद्र यादव, बेचन सिंह, संजय सिंह, भरतराज सिंह मौजूद रहे।