जौनपुर। दुकान से लाइसेंस धारक के गायब रहने और दवाओं का रखरखाव घटिया पाए जाने पर शहर की एक दवा की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। ड्रग इंस्पेक्टर उदयभान सिंह ने बुधवार को शहर की दवा की तीन दुकानों पर छापेमारी की। चार दवाओं का सैंपल लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र के निर्देश पर औषधि निरीक्षक उदयभान सिंह ने अपनी टीम के साथ दवा की दुकानों पर छापेमारी की। उन्होंने पहले प्रकाश मेडिकल एजेंसी के यहां से दो दवाओं का सैंपल लिया। कुछ दवाओं का रिकार्ड न दिखाने के कारण दूकानदार को नोटिस दी गई है। उन्होंने एजेंसी संचालक छेदीलाल को निर्देश दिया है कि वह तीन दिनों के भीतर दवाओं का रिकार्ड प्रस्तुत करें। रिकार्ड प्रस्तुत न करने की दशा में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विशाल मेडिकल स्टोर से संचालक गायब थे। राशिद नामक युवक दवाओं की बिक्री कर रहा था। दवाओं का रखरखाव ठीक नहीं था और दवाओं पर धूल जमा थी। इसे लापरवाही मानते हुए दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। दवा की खरीद और बिक्री पर भी रोक लगा दी गई। कस्बे में स्थित थोक दवा के दूकानदार नवीन के यहां से दो दवाओं का सैंपल लिया गया। यहां भी कई खामियां पाई गई। जिसे एक सप्ताह में सुधार करने का निर्देश दिया गया है। छापेमारी की खबर लगते ही शहर की काई दवा की दुकानें बंद हो गईं। ड्रग इंस्पेक्टर उदयभान सिंह ने बताया कि अभियान चलाकर दवा की दुकानों की जांच की जाएगी।