कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन करते किसान यूनियन के पदाधिकारी
जौनपुर। मुफ्त में बिजली देने व कृषि को उद्योग का दर्जा देने आदि मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में किसान पंचायत की। इस दौरान समस्याओं को दूर करने की मांग कीमांगो। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव ने कहा कि किसानों को अन्नदाता कहा जाता है। इसके बाद भी उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर नहीं किया जाता है। किसानों को न तो सस्ते दामों पर बीज व उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है और न ही मुफ्त में बिजली ही दी जा रही है। जिससे किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बीज व उर्वरक सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने, कृषि को उद्योग का दर्जा देने, न्याय पंचायत स्तर पर सरकारी बीज भंडार खुलवाने, किसानों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने और 25 हजार रुपया मानदेय देने आदि की मांग की है। पंचायत में जिला महामंत्री धर्मराज पटेल, राजबली, समरजीत, बाबू राम, रामतीर्थ, रमेश, खलील, अमरनाथ, चंद्रबली, किरन, फूला देवी, सीता, सरोजा, इंद्रावती व शोभनाथ उपस्थित रहे।