डोभी (जौनपुर)। केराकत तहसील के प्रमुख बाजारों में शुमार चंदवक बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। विधायक के प्रस्ताव पर ग्राम पंचायत चंदवक को नगर पंचायत का दर्जा मिलनी की उम्मीद बढ़ गई है। विधायक के प्रस्ताव पर नगर पंचायत केराकत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बुधवार को सर्वे किया।
चंदवक के नगर पंचायत बनने के पीछे तर्क दिया जा रहा है कि इससे बाजार सहित आस-पास के गांवों का तेजी से विकास होगा। किसी भी क्षेत्र को नगर पंचायत बनने के लिए बीस हजार से ऊपर आबादी का होना आवश्यक होता है। चंदवक ग्राम पंचायत की आबादी कम है इस लिए आस-पास के गांवों को मिला कर आबादी के मानक को पूरा किया जाएगा। सर्वे में जिन गांवों को मिलाकर नगर पंचायत बनेगी उनमें ग्राम पंचायत बगेरवा, खलियाखास, मुकुरीपुर, रामदेवपुर ग्राम पंचायत का आंशिक रेलवे लाइन के दक्षिण का संपूर्ण भाग, हटवा का आंशिक भाग मिलाकर आबादी के मानक को पूरा किया जाएगा। नगर पंचायत के सृजन के लिए जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो ग्राम पंचायत चंदवक नगर पंचायत बन जाएगा। महेंद्र प्रजापति ,देवेंद्र सिंह, सुरेश यादव, पप्पू सिंह ,राजू पांडेय ,रमेश शुक्ला सहित अन्य लोगों ने कहा कि इससे विकास तीव्र गति से होगा।