शहीद दरोगा जेपी सिंह के गांव में बन रहा शहीद गेट
नेवढ़िया। चित्रकूट में पिछले दिनों डकैतों से मुठभेड़ में शहीद हुए दारोगा जयप्रकाश सिंह के गांव बनेवरा में उनकी तेरहवीं से पहले ही शहीद गेट बनकर तैयार हो जाएगा। यह जानकारी बीडीओ रामनगर देवेंद्र प्रताप सिंह ने दी।
चित्रकूट जिले के निही चिरैया जंगल में 24 अगस्त को डकैतों से मुठभेड़ के दौरान नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बनेवरा गांव निवासी जयप्रकाश सिंह शहीद हो गए थे। शहीद के चाचा मंगला सिंह ने स्वतंत्र प्रभार मंत्री महेंद्र सिंह से शहीद जयप्रकाश के नाम से गांव में गेट व इटाएं से नेवढ़िया तक मार्ग बनाने की मांग की थी। मंत्री महेंद्र सिंह ने तत्काल खंड विकास अधिकारी रामनगर देवेंद्र प्रताप सिंह को तेरहवीं तक गेट व सड़क बनवाने का निर्देश दिया था। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि तेरहवीं से पहले गेट बनकर तैयार हो जाएगा। गांव में 900 मीटर सीसी रोड तेरहवीं के बाद तैयार करा दी जाएगी क्योंकि बरसात में सड़क का निर्माण कराने पर वह मजबूत नहीं होगी। वहीं जफराबाद के विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इटाए से नेवढ़िया तक मार्ग निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।