वित्तविहीन शिक्षकों ने निकाला बाइक जुलूस
मछलीशहर। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षकों ने सोमवार को मानदेय के लिए ने बाइक जुलूस निकाला और सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस दौरान शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने सरकार से वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की। कहा कि शिक्षक अपने हक के लिए संघर्ष करेंगे।
माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व संजय मिश्र के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वित्तविहीन शिक्षकों ने बाइक जुलुस निकालकर हुंकार भरी। भोलानाथ सिंह बृजराजी इंटर कालेज मतरी से सुबह 8 बजे से जुलूस निकला। रोडवेज परिसर के समीप जुलूस के पहुंचने पर शिक्षकों ने दोनों शिक्षक नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहां आयोजित सभा में शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा में 87 प्रतिशत भागीदारी करने वाले वित्तविहीन शिक्षक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। वित्तविहीन शिक्षक अगर एकजुट होकर संघर्ष करें तो मानदेय सहित सम्मानजनक जीवन जीने का हक उन्हें जरूर मिलेगा। शिक्षक विधायक संजय मिश्र ने कहा कि शिक्षक अगर अब भी नहीं जागा तो शायद आने वाली पीढ़ी में शिक्षक बनने से पहले लोगों को सोचना पड़ेगा। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रेनू मिश्रा ने कहा कि शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से ही वित्तविहीन शिक्षकों की समस्या का समाधान संभव हो सकेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय प्रधान महासचिव अखिलेश सिंह, संचालन जिला महामन्त्री शरद सिंह व आभार जिलाध्यक्ष राजेश मिश्रात ने ज्ञापित किया। सभा के बाद उत्साहित शिक्षकों ने रोडवेज परिसर से बाइक जुलूस निकाला जो अरुआवा, बडेरी, मडियाहू होते हुए त्रिलोचन महादेव तक जनपद के बार्डर तक पहुंचा दिया गया। रैली में बी.के शुक्ला, अहिबरन सिंह, पंकज पांडेय, नन्हकऊ गुप्ता, प्रमोद शुक्ल, श्यामधर मिश्र, विकास सिंह, अंकुर द्विवेदी, सुशील सिंह, दिलीप सिंह आदि शामिल थे।