जौनपुर । जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को यूनिफार्म और पुस्तक वितरण का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने कहा कि 31 अगस्त तक छात्रों के नामांकन में अच्छा कार्य करने वाले खण्ड शिक्षा अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा । साथ ही खराब कार्य करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी 210 आदर्श विद्यालयों में खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 सितम्बर तक सभी कार्य पूरा कराएं। सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अध्यापकों की उपस्थिति के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार न लाने वाले अध्यापकों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करें। ऐसा नहीं होने पर तीन माह बाद खण्ड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर बीएसए सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।