जौनपुर। जिले में अभी भी तीन लाख पांच हजार पौधे लगाए जानेे बाकी है। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सभी विभाग पौध रोपण में जोरशोर से जुटे लेकिन अपेक्षित पौधरोपण नहीं हो सका है। लेकिन जुलाई माह में मात्र चार लाख 86 हजार ही पौधे लगाए जा सके हैं। जिले में सितंबर तक कुल सात लाख 91 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार ने वन महोत्सव के अवसर पर पौधरोपण करने का फरमान जारी किया गया है। आदेश में जुलाई से सितंबर तक पौध रोपण करने के लिए कहा गया था। इसमें जिले में 7 लाख 91 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया। दो लाख 66 हजार पौधे वन विभाग, एक लाख 21 हजार शिक्षा विभाग और चार लाख चार हजार पौधे लगाने का लक्ष्य अन्य विभागों को दिया गया है। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सभी विभागों ने जुलाई में जोर शोर से पौधरोपण करना शुरू किया लेकिन मात्र चार लाख 86 हजार ही पौधे लगाए जा सके। इसमें वन विभाग की ओर से लक्ष्य पूरा कर लिया गया है लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से 50 हजार पौधे लगाए जा सके हैं। अन्य विभागों द्वारा एक लाख 70 हजार पौधे ही लगाए गए हैं। अभी भी तीन लाख पांच हजार पौधे लगाए जाने बाकी हैं। प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी एपी पाठक ने कहा कि विभागों को तेजी से पौधरोपण कर लक्ष्य पूरा करने के लिए कहा गया है। अभी भी तीन लाख पांच हजार पौधे लगाए जाने बाकी हैं। समय के अंदर पौधरोपण का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।