जौनपुर। फसली ऋण माफ किए जाने के लिए किसानों के बैंक खाते को पहले आधार से लिंक किया जाएगा। जिन किसानों के 22 जुलाई तक फसली खाते से आधार नंबर जुड़ जाएगा। उन किसानों का फसली ऋण 15 अगस्त तक माफ किया जाएगा। इसी दिन कैंप लगाकर किसानों को कर्ज माफी प्रमाण पत्र भी वितरित किया जाएगा। शेष बचे किसानों का जैसे-जैसे आधार उनके फसली ऋण खाते से जुड़ता जाएगा, वैसे-वैसे उनका कर्ज माफ करने के साथ ही कैंप लगाकर कर्ज माफी प्रमाण पत्र वितरित किया जाएगा।
जिले के 31 मार्च 2016 के पहले 90824 किसानों का लगभग 400 करोड़ बकाया है। जिनके कर्ज को माफ करने के लिए तैयारी जोर शोर से शुरू है। इस दौरान बैंक द्वारा कर्ज माफी के दायरे में आने वाले किसानों के फसली ऋण खाते से आधार लिंक जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। 15 अगस्त को ऐसे किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा, जिनके आधार 22 जुलाई तक फसली ऋण खाते से जुड़ गए होंगे। ऐसे किसानों का बैंक द्वारा विवरण भी जुटाया जा रहा है। बैंक 11 जुलाई से ऐसे किसानों का मोबाइल नंबर, आधार कार्ड व भूलेख से मिलान करने का कार्य शुरू कर दिया है, जो 22 जुलाई तक किया जाएगा। इसके बाद 23 जुलाई को फसली खाते से आधार लिंक हो जाने वाले किसानों का डाटा लाक कर दिया जाएगा। 27 जुलाई को उक्त डाटा को जिला कृषि अधिकारी द्वारा खोला जाएगा। साथ ही जिला कृषि अधिकारी द्वारा 27 से 30 जुलाई तक सार्वजनिक रुप से प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय कमेटी द्वारा एक से पांच अगस्त के बीच डाटा में उपलब्ध किसानों की सूची का अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त तक डाटा में उपलब्ध किसानाें के कर्ज को माफ किया जाएगा। इसके बाद शेष बचे किसानों के फसली ऋण से आधार लिंक होते जाएंगे। वैसे-वैसे उनके कर्ज माफ करने और कर्ज माफी प्रमाण पत्र वितरित करने का कार्य किया जाएगा।
इनसेट:
कर्ज माफी के दायरे में आने वाले किसान कराएं आधार लिंक
जौनपुर (ब्यूरो)। एलडीएम एमपी राय ने बताया कि 31 मार्च 2016 से पहले जिन किसानों का फसली ऋण बकाया है। ऐसे किसान अपने फसली ऋण खाते से आधार नंबर लिंक करा ले। जिससे उनके कर्ज को माफ हो सके। उन्होंने कहा कि बैंकों द्वारा ऐसे किसानों के फसली ऋण खाते से आधार लिंक करने का कार्य किया जा रहा है।
कोट:
31 मार्च 2016 से पहले फसली ऋण बाकी रहने वाले जिन किसानों का आधार 22 जुलाई तक उनके फसली ऋण खाते से जुड़ जाएगा। ऐसे किसानों को 15 अगस्त तक लाभान्वित कर दिया जाएगा। इसके बाद कर्ज माफी के दायरे में आने वाले शेष बचे किसानों का आधार जैसे-जैसे उनके फसली ऋण खाते से जुड़ेगा। वैसे-वैसे उनको लाभान्वित किया जाएगा।
जयप्रकाश
उप कृषि निदेशक