खुटहन। थाना क्षेत्र के बड़सरा गांव में मंगलवार की सुबह अज्ञात कारणों से लगी आग में 15 रिहायशी छप्पर जल गए। इस दौरान एक रसोई गैस सिलेंडर भी फट गया। संयोग अच्छा था कि कोई हताहत नहीं हुआ। अगलगी में तीन परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
बड़सरा गांव निवासी संजय नाविक के छप्पर में मंगलवार की सुबह अचानक आग की लपटें उठने लगी। देखते ही देखते आग ने उनके तीन अन्य छप्पर को भी अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीण आग की लपटों पर पानी फेंक बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद बद्रीलाल नाविक के चार छप्पर भी जद में आ गए। इसी के भीतर रखा सिलेंडर गरम होकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। ग्रामीण भयभीत होकर दूर भाग गए। इसके बाद आग की लपटों ने झूरीलाल के तीन और अशोक नाविक के दो छप्पर को भी जला दिया। आग से घर गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग के कारण अशोक को छोड़कर बाकी तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हो गए हैं। पीड़ितों की मानें तो अग्निकांड में तीन लाख से अधिक का गृहस्थी का सामान जल गया है। राजस्व निरीक्षक क्षति का आंकलन करने पहुंचे थे।