जौनपुर। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच जगह जगह मस्जिद और मदरसों से मिल रहे जिन जमातियों को लेकर माहौल गर्म है, उन्हीं में से 15 लोग बक्शा थाना क्षेत्र के नौपेड़वा बाजार में लकड़ी मंडी के पास स्थित मस्जिद में भी ठहरे थे। 25 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों ने एक साथ बाहरी लोगों को मस्जिद में देखा तो पूछताछ की और पुलिस को सूचना दी थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे सभी अलग-अलग वाहनों से यहां से चले गए थे।
स्थानीय लोग इस बात से हैरान हैं कि दिल्ली मरकज में शामिल कई लोगों में कोरोना का संक्रमण मिला है। अगर यहां की मस्जिद में ठहरने वाले बाहरी लोग भी कहीं दिल्ली से होकर आए होंगे तो आस पास भी संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए कि जिस मस्जिद में लोग ठहरे थे वहां स्थानीय लोगों का आना-जाना रहता है और वे सभी लोग बाजार की दुकानों पर भी आते जाते हैं। हालांकि बक्शा थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी का कहना है कि नौपेड़वा की मस्जिद में जो 15 लोग ठहरे थे वे सभी चिह्नित कर लिए गए हैं। उनमें से सात को बदलापुर में और आठ को जौनपुर शहर में स्थापित शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया है। वे लोग दिल्ली से होकर नहीं आए थे। उन्हें यहां दूसरी जमात में शामिल होना था।