मछलीशहर (जौनपुर)। क्षेत्र के खजुरी गांव में विद्युतीकरण कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने बिजली का ट्रांसफार्मर नहीं चढ़ने दिया। अधिकारियों से गांव की महिलाओं ने विद्युतीकरण में अनियमितता बरतने की शिकायत भी किया है।
उक्त गाव में लगभग एक महीने पहले से ही विद्युतीकरण का कार्य ठीकेदार की देख-रेख में चल रहा है। गुरुवार को ठेकेदार अपने कार्य को अंतिम रूप देते हुए गांव में ट्रांसफार्मर चढ़ाने आया था। जैसे ही उक्त लोगों द्वारा ट्रांसफार्मर चढ़ाने का कार्य आरंभ किया जाने लगा वैसे ही लगभग 50 महिलाएं मौके पर पहुंचकर कार्य में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए कार्य को रोक दी। गांव की सुषमा सिंह का आरोप है कि ठीकेदार द्वारा गांव में मानक के अनुरूप खंभे भी नहीं लगाए गए हैं। विरोध करने पर ठीकेदार ने विरोध करने वाली महिलाओं को धमकी देते हुए लौट गए। गांव की अन्य महिलाओं ने भी विद्युतीकरण में हो रही अनियमितता की शिकायत अधिकारियों से की है। विरोध करने वाली महिलाओं में सुषमा, सरोजा, अनीता, संगीता, लालती, केवला आदि शामिल रहीं।