जौनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिले में मतदाता पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसके तहत बीएलओ की तरफ से मतदाता सर्वे में करीब 10 लाख नाम बढ़ाने, घटाने व संशोधन के लिए आवेदन किए गए। वहीं बीएलओ एप पर बीएलओ की ओर से 6.20 लाख मतदाताओं के नाम अपलोड किए जा चुके हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य जारी है। 19 अगस्त से 25 सितंबर तक 1959 बीएलओ घर-घर पहुंचे। बीएलओ की तरफ से बीएलओ एप पर नाम अपलोड करने की अंतिम तिथि छह अक्तूबर रखी गई है। इसके बाद आयोग की अनुमति से एसडीएम के हस्ताक्षर से स्थानीय स्तर पर ठेकेदार शेष आवेदन भरने का काम करेंगे। करीब 60 फीसदी आवेदन छह लाख 20 हजार 355 आवेदन बीएलओ एप पर किए जा चुके हैं। 40 फीसदी आवेदन ठेकेदार के माध्यम से भरवाए जाएंगे। इसका अनंतिम प्रकाशन 5 दिसंबर को किया जाएगा। इसके बाद छह दिसंबर से 12 दिसंबर तक दावे, आपत्तियां ली जाएंगी। 13 से 19 दिसंबर तक निस्तारण किया जाएगा। फिर उसकी छपाई करने के बाद 15 जनवरी को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
................................................
एक नजर आकड़े में :-
कुल मतदाता-36 लाख 19 हजार 957
कुल ग्राम पंचायत - 1734
मतदान केंद्रों की संख्या - 1793
मतदान स्थलों की संख्या - 5091
कुल नियुक्त बीएलओ की संख्या-1959
अभी तक जिले में 36.19 लाख मतदाता हैं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने के बाद संख्या में परिवर्तन होगा। मतदाता पुनरीक्षण में बीएलओ के सर्वे में करीब 10 लाख आवेदन आए हैं। इसमें नाम बढ़ाने, घटाने व संशोधन वाले हैं। बीएलओ एप के माध्यम से अब तक करीब 6.20 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। -राकेश सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी।