सियार के हमले से घायल सोमवती ।
- फोटो : अमर उजाला
कालपी। तरीबुलदा मोहल्ले में सियार घुस आने से हड़कंप मच गया। सियार ने हमला कर कई लोगों को लहूलुहान कर दिया। पीड़ित नागरिकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करके इलाज किया गया। मोहल्ले के लोगों ने घेरा बंदी कर सियार को मार दिया।
नगर के बाहरी इलाके के मोहल्ला तरीबुल्दा में सुबह करीब 6 बजे सियार घुस गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते सियार ने मोहल्ला निवासी चंदी पत्नी कल्लू को हाथ में काटकर घायल कर दिया। इसी प्रकार राज सिंह (38), वीर सिंह (53) पुत्र गया प्रसाद, सोमवती पत्नी सुखलाल, गेंदारानी पत्नी राम गोपाल, उर्मिला पत्नी राम मिलन को काट कर घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर कई युवक लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी लेकर निकल आए व घेराबंदी करके सियार को मार डाला। घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्साधीक्षक की देखरेख में सभी को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाकर इलाज किया गया। इससे पहले शराफत खान मोहल्ला कागजीपुरा में बीते माह सियार ने घुसकर कई लोगों काट लिया था।