कोंच। मंदिर के तलघर में हुई युवक की हत्या के मामले में शिनाख्त के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं मंदिर के भीतर शव मिलने को लेकर ग्रामीणों में भी पुलिस के प्रति नाराजगी है। वहीं पुलिस मामले की जांच होने की बात कह रही है।
बतादें कि मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अटा टोपोर के बीच जनकपुरी मंदिर के तलघर में युवक का रक्त रंजित शव मिला था। देर रात मृतक की शिनाख्त रेंढऱ थाना क्षेत्र के सुलखना गांव निवासी रणजीत के रुप में हुई थी। रणजीत के भाई इंद्रजीत ने मामले में चार लोगों बृजेंद्र, राजीव, बड़े मुन्ना व श्यामू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंद्रजीत का आरोप है कि बृजेंद्र और राजीव ही उसके भाई को अपने साथ लेकर गए थे। बाद में श्यामू और बड़े मुन्ना के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या की कोई वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। कुछ बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा। दो आरोपी भी सुलखना गांव के ही है, इसलिए सुलखना गांव में भी फोर्स तैनात की गई है।