एट/कोटरा। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया युवक गहरे पानी में डूब गया। साथ गए दोस्तों की सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और युवक की नदी में खोज कराई। देर शाम पुलिस को युवक का शव मिल गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत पर पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का तो रो रोकर बुरा हाल है।
एट थाना क्षेत्र के पिंडारी गांव निवासी विक्रम राजपूत (25) पुत्र प्रताप सिंह शुक्रवार सुबह गांव के 5-6 दोस्तों के साथ कोटरा थाना क्षेत्र के बेतवा नदी स्थित जागेश्वर धाम सलाघाट पर पिकनिक मनाने गया था। जहां दोपहर दो बजे सभी लोग नहाने के लिए नदी में उतरे तभी विक्रम गहरे पानी में पहुंचकर डूब गया। साथ गए युवकों ने विक्रम को डूबता देख शोर मचाया। जिससे मौके पर आसपास के लोग भी आ गए। वहीं सूचना पाकर कोटरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और नदी में डूबे युवक की तलाश शुरू की।
कुछ देर बाद ही युवक का शव नदी में मिल गया। कोटरा थाने के एसआई विनोद यादव ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि मृत युवक के परिजनों का रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाई थे। जिसमें विक्रम बड़ा था। घर में रहकर खेती किसानी करता था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों के मुताबिक दो एक जगह विक्रम की शादी की बात चल रही थी, जिसको लेकर घरवाले काफी उत्साहित भी थे लेकिन किसी को क्या पता था कि दूल्हा बनने से पहले विक्रम दुनिया से यूं चला जाएगा।
मृतक विक्रम की फाइल फोटो- फोटो : ORAI