एट (जालौन)। एट क्षेत्र में अज्ञात युवक का शव नहर में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। खेतों पर काम रहे किसानों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने शव को पानी से निकलवाकर शिनाख्त कराने की कोशिश की पर शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक लाल कलर की शर्ट और काला पेंट पहने हुए था।
एट थाना क्षेत्र के ग्राम ईगुई कला गांव के बाहर स्थित बेतवा नदी की हमीरपुर शाख की नहर में एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव शनिवार की दोपहर उतराता दिखा। शव को पानी में उतराते देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों में हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने नहर से शव निकाल कर शिनाख्त कराने के लिए आसपास के गांवों से संपर्क किया, पर युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एट थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी का कहना है कि शव गैर जनपद से पानी में बहकर भी आ सकता है। युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं उनका कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह का पता लगेगा।