कालपी में सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ युवक
- फोटो : ORAI
कालपी। सोशल मीडिया पर असलहों के साथ फोटो पोस्ट करना फैशन बनता जा रहा है। सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत महेबा ब्लॉक के ग्राम देवकली के एक युवक ने सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो पोस्ट कर दी। मामले को संज्ञान में लेते हुए कोतवाली पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव के निवासी प्रदीप कुमार उर्फ पुत्तन पुत्र राजेंद्र साहू ने सोशल मीडिया पर अपनी एक फ ोटो पोस्ट की, जिसमें वह हाथ में तमंचा लेकर उसका प्रदर्शन करता दिख रहा है। देखते ही देखते फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो गई। साइबर सेल ने मामले में संज्ञान लेकर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस के हल्का इंचार्ज अशोक कुमार ने आईडी के आधार पर युवक की पहचान कर उसे देवकली से गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। कोतवाल मानिक चंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट व आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।