उरई। हमीरपुर जिले के निवासी युवक की उरई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी बाइक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
राठ कोतवाली क्षेत्र के करगुवां गांव निवासी अनिकेत (18) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मजदूरी करता था। बुधवार शाम बाइक से राठ बाजार सामान लेने जा रहा था। गांव से निकलते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों की मदद से उसे सीएचसी राठ ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। भाई अमन ने बताया कि हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। (संवाद)