एट (उरई)। कानपुर-झांसी हाईवे पर बृहस्पतिवार को सुबह स्कूली बच्चों से भरी वैन को पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। वैन सड़क किनारे खंती में जा गिरी। वैन में चालक, शिक्षिका और 13 बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। एक बच्चे को चोट लगने पर मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। इधर, डीसीएम लेकर चालक भाग निकला।
एट थाना क्षेत्र में कोटरा पुल के पास बहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे ग्राम कुरकुरु से बच्चों को लेकर एक वैन एट स्थित अंकुरण प्ले स्कूल जा रही थी। पीछे से आ रही डीसीएम ने वैन में टक्कर मार दी। हादसे के बाद डीसीएम लेकर चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को वैन से बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द किया।
हादसे में ऐंधा गांव निवासी मिष्टी (08), अयांश (05), आयुष (12), आर्यन (6), साक्ष्य (6) और कुरकुरु निवासी मयंक (9), प्रतीक (4), अमित (9), आयरा (5), आहिल (8), देवांशी (6), निखिल (9) और अंश (12) सवार थे। हादसे में अंश के नाक के पास चोट आई। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वैन चालक राघवेंद्र कुमार (38) और शिक्षिका वर्षा यादव भी वाहन में मौजूद थे। चालक को हल्की चोट आने की जानकारी मिली है।
हादसे के बाद घबराए बच्चे अपने परिजनों से लिपट गए। कुछ बच्चों ने कहा कि उन्हें स्कूल नहीं जाना, घर ले चलो। बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद निजी स्कूलों में बच्चों के परिवहन की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, थाना प्रभारी ने मामले में स्कूल प्रबंधक को नोटिस जारी किया है।
स्कूल प्रबंधक दीपक सिंह ने बताया कि वैन खराब होने के बाद दूसरी गाड़ी लगाई गई थी। उनके अनुसार, गाड़ी के कागजात सही थे और शिक्षिका भी बच्चों के साथ मौजूद थीं।
फोटो -25 हादसे के बाद बच्चों का हालचाल लेते थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह। पुलिस- फोटो : Archive
फोटो -25 हादसे के बाद बच्चों का हालचाल लेते थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह। पुलिस- फोटो : Archive