कोंच (जालौन)। बकरी चराने गए युवक की धारदार हत्या कर दी गई। शाम को जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन की। पर कुछ पता नहीं चला। सुबह नदी किनारे जंगल में उसका लहूलुहान शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंची और जांच पड़ताल की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही बाप-बेटों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नदीगांव थाना क्षेत्र के कुरचौली गांव निवासी प्रेम कुमार उर्फ भटा (40) गुरुवार को बकरियां चराने गांव के पास ही नदी किनारे स्थित जंगल में गया था। देर शाम बकरियां तो घर आ गईं पर प्रेमकुमार घर नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन की। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे जंगल में प्रेमकुमार का लहूलुहान शव पड़ा देख सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
कुछ देर बाद सीओ जालौन रामसिंह और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक के भाई रामकुमार ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था, उसकी शादी नहीं हुई थी। वह खेतीबाड़ी करने के साथ ही बकरियां भी चराने जाता था। रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही मंशाराम उर्फ भगे और उसके बेटों छोटू व मुन्नालाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ जालौन रामसिंह का कहना है कि मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिटाया गया है शव से कुछ दूर मिले मोबाइल का डाटा
कोंच। जिस जगह प्रेमकिशोर का शव मिला उससे कुछ ही दूरी पर उसका मोबाइल फोन पड़ा मिला। पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन का डाटा (कॉल डिटेल्स आदि) डिलीट किया गया है। (संवाद)