ट्रेन के एस एल आर कोच में घायल पडा युवक
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। मुंबई से गोरखपुर जाने वाली संत कबीर नगर एक्सप्रेस नंबर 12542 के एसएलआर (स्पेशल लगेज बोगी) कोच में लहूलुहान अवस्था में युवक के पड़े होने की सूचना से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची आरपीएफ व जीआरपी ने घायल को ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
गुरुवार की सुबह झांसी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि संत कबीर नगर एक्सप्रेस के इंजन के पीछे लगे एसएलआर कोच में एक युवक घायल हालत में पड़ा है। इस पर जीआरपी थानाध्यक्ष ब्रजमोहन सैनी व आरपीएफ इंस्पेक्टर राजीव उपाध्याय पुलिस बल के साथ कोच के पास पहुंचे और उन्होंने लहूलुहान हालत में पड़े युवक को ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद रेलवे डाक्टर भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने उसे जिला अस्पताल ले जाने को कहा। गंभीर हालत में जिला अस्पताल से झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक अचेतावस्था में मिला है। उसके पास ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। यहां तक कि किसी ट्रेन का कोई टिकट भी नहीं था। युवक कोच में कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने आशंका जताई कि ट्रेन के भीतर ही युवक से किसी की जमकर मारपीट हुई है या फिर वह कहीं चलती ट्रेन से गिर गया होगा और उसे किसी ने उठाकर एसएलआर कोच में डाल दिया होगा।