उरई। दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार की हालत गंभीर बनी हुई है।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के नगरा नगरी निवासी संजीव प्रजापति (45) कानपुर देहात के राजपुर में रहकर पानीपुरी का व्यवसाय करते थे। रविवार रात वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे पाल-सरैनी तिराहे के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे बाइक सवार मंजेश से सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संजीव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मंजेश निवासी बर्रा, कानपुर नगर की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी वरुण प्रताप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।