उरई। भाई के घर आई महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसका शव क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला। बताया कि वह शाम टहलने के लिए लोहिया पुल के पास गई थी, तभी हादसा हो गया।
डकोर कस्बा निवासी पंकज अहिरवार (55) रविवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पंकज अहिरवार रविवार सुबह शांतिनगर स्थित अपने भाई सतीश के घर आई थीं। दिनभर घर पर रहने के बाद शाम को वह टहलने के लिए लोहिया पुल के पास रेलवे लाइन की ओर चली गईं। इसी दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गईं।
देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव रेलवे पटरी के किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया कि मृतका के पति भगवानदीन अहिरवार मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर में सहकारी समिति में लिपिक पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)