कालपी। मुन्ना फुलपावर चौराहे पर गुरुवार दोपहर एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस को युवक की जेब से नशीली दवाएं मिली हैं।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार युवक सुबह से ही चौराहे पर बैठा हुआ था। दोपहर के समय अचानक उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से 570 रुपये और कुछ नशीली दवाएं मिलीं। इससे उसके नशे का आदी होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक के हाथ पर ‘देवा’ लिखा हुआ है, हालांकि इससे कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि युवक की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। (संवाद)