कालपी। झांसी जिले के ककरबई थाना क्षेत्र के खरवांच घाट पर धसान नदी में नहाते समय खदान के गड्ढे में डूबने से कालपी के लमसर गांव निवासी युवक की मौत हो गई। वह घाट पर पिता दुकान में मदद करता था। युवक का शव बुधवार को गांव पहुंचने पर परिजन रोने-बिलखने लगे।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के लमसर गांव निवासी अजब सिंह यादव उर्फ बऊआ की झांसी जिले के ककरबई थाना क्षेत्र के धसान नदी के खरवांच घाट पर दुकान है। उनका 20 वर्षीय बेटा शिवा यादव भी पिता के साथ रहकर सहयोग करता था। मंगलवार को शिवा धसान नदी में नहाने चला गया। खदान के गड्ढे में पैर फिसलने से वह डूब गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोंरो की मदद से उसको गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दुखी पिता ने बताया कि वह दो बेटों में बड़ा था। दुकान में सहयोग के लिए वह भी घाट पर आता था। युवक की मौत से मां लक्ष्मी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं।