कदौरा में सचिव से अभद्रता के विरोध में कर्मचारी तहरीर देने को जाते थाने।
- फोटो : ORAI
कदौरा। कस्बे में शनिवार को ब्लाक परिसर में तब हड़कंप मच गया जब दबंग युवक अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पंचायत कार्यालय में घुस कर शौचालय की सूची बना रही सचिव वंदना वर्मा के अभद्रता करने लगा। आक्रोशित युवक ने जबरन शौचालय की सूची छीन ली। आरोप है कि युवक आए दिन ब्लाक के कर्मचारियों से अभद्रता करता है अभी कुछ दिनों पूर्व ही लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। सचिव का कहना है कि मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है, निर्देश पर तहरीर दी जाएगी।
शनिवार दोपहर मरगाया की सचिव वंदना वर्मा ब्लाक कार्यालय परिसर में शौचालय के पात्रों की सूची बना रही थी। तभी मगराया का युवक अपने दो साथियों के साथ आकर सचिव से अभद्रता करने लगा। मामला बढ़ता देख अन्य कर्मियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया तो युवक उनसे भी अभद्रता कर हंगामा करने लगा। मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से भाग गया। सचिव वंदना वर्मा ने मामले की जानकारी बीडीओ को दी। वहीं सचिव के साथ हुई, घटना की जानकारी जैसे ही अन्य सचिवों को लगी तो वह कार्यालय पहुंच गए और उन्होंने रोष जताकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई की मांग की।
सचिव वंदना वर्मा ने बताया कि युवक ने अभी दो दिन पहले ब्लाक कार्यालय में बदतमीजी की थी। उच्च अधिकारियों से वार्ता के बाद तहरीर दी जाएगी। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी हुई है। कार्यालय में घुसकर सचिव के साथ अभ्रदता करने वाले को बख्सा नहीं जाएगा। वहीं एसओ जितद्र कुमार सिंह ने कहा कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सचिव जगत नारायण, प्रभात कुमार, जितेंद्र कुशवाहा, विजया रत्नम, अर्चना देवी, धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो हम लोग कार्यों का बहिष्कार कर देंगे।
मुकदमे के बाद नहीं हुई गिरफ्तारी
बता दें कि इसी युवक ने दो दिन पहले लेखपाल के साथ अभद्रता व मारपीट की थी। जिस पर लेखपाल की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, लेकिन ऊंची पहुंच के चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई, जबकि इससे पूर्व प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका व एक सीएचसी में तैनात डॉक्टर ने इसी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन उन मामलों में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सूत्रों की मानें तो युवक के एक रिश्तेदार पुलिस के ऊंचे पद पर तैनात है, जिस वजह से पुलिस युवक पर हाथ डालने से डरती है।