रामपुरा। थाना क्षेत्र ग्राम पचोखरा में युवक ने घर के कमरे में लगे पंखे के हुक से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त युवक घर में अकेला था। परिजन घर लौट कर आए तो युवक को फांसी पर लटका देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रुद्रांस (22) पुत्र चतुर सिंह निवासी धुर्रा थाना मुरैना मध्यप्रदेश बचपन से ही रामपुरा थाना क्षेत्र के पचोखरा में नाना समर सिंह के साथ रहता था। शुक्रवार देर शाम नाना-नानी मोहल्ले में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर कोई नहीं था इसी दौरान युवक ने कमरे में लगे पंखे में गमछे का फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी। समारोह से लौटकर आए नाना-नानी उसे फांसी पर लटके देख चीख पड़े। परिजनों ने बताया कि वह ननिहाल में रहकर फौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। जब फौज में भर्ती नहीं हो पाया तो पिछले दो माह से डिप्रेशन में था और इसी कारण एक माह पहले घर से भाग गया था। काफी खोजबीन के बाद उरई से बरामद हुआ था। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि परिजनों ने किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी है।