कोंच। कस्बे के मथुरा प्रसाद महाविद्यालय में जारी सेमेस्टर परीक्षा में बड़े भाई की जगह छोटा भाई परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना देकर छोटे भाई को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली में युवक के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा महाविद्यालय में आयोजित सेमेस्टर परीक्षा के लिए नियुक्त स्टैटिक मैजिस्ट्रेट एसपी सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बुधवार को तीसरी पाली में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की फूड न्यूट्रिशन हाइजीन विषय की परीक्षा थी। कक्ष संख्या चार में पंजीकृत परीक्षार्थी प्रिंस गुर्जर पुत्र इंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम पजौनिया थाना नदीगांव के स्थान पर उसका सगा छोटा भाई रितिक राज गुर्जर परीक्षा दे रहा था। रितिक को प्रवेशपत्र की जांच में पकड़ लिया गया। प्राचार्य डॉ. विजय विक्रम सिंह का कहना है कि युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है, साथ ही उत्तर पुस्तिका सीज कर दी गई है। कोतवाल अरुण कुमार राय का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है, आरोपित युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।