फोटो - 02 मृतक राजवीर की फाइल फोटो।
माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामहेतपुरा में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार था।
कोतवाली क्षेत्र के रामहेतपुरा गांव निवासी राजवीर (28) सूरत में रहकर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार उसका मानसिक संतुलन बिगड़ जाने के कारण करीब एक माह पूर्व उसका भाई गोविंद नारायण उसे घर वापस ले आया था। तब से उसका इलाज कराया जा रहा था।
बताया गया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। इसी दौरान राजवीर ने घर के अंदर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
भाई गोविंद नारायण ने बताया कि राजवीर पहले अत्यधिक शराब का सेवन करता था, जिसके चलते उसकी तबीयत खराब रहने लगी और बाद में उसका मानसिक संतुलन भी बिगड़ गया। उसका इलाज सीएचसी माधौगढ़ के अलावा ग्वालियर में भी कराया गया था।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजवीर चार भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाली प्रभारी अभिलाष मिश्रा का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।