आटा (जालौन)। दोस्तों के साथ हैदराबाद जा रहा युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोस्तों ने उरई स्टेशन पर उतरकर परिजनों व पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कानपुर नगर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के वसेन गांव निवासी श्रीकिशन (31) रविवार की रात अपने दोस्त अंकित व गोवर्धन के साथ ट्रेन से हैदराबाद जा रहा था। जैसे ही ट्रेन आटा के भभुवा के पास पहुंची तभी गेट के पास बैठा श्रीकिशन गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी अंकित व गोवर्धन ने उरई स्टेशन पर उतरकर पुलिस व परिजनों को जानकारी दी। युवक की मौत की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पिता श्रीराम ने बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। जिसको लेकर उसी पर पूरे घर की जिम्मेदारी थी। वह हैदराबाद में एक कंपनी में काम करने के लिए जा रहा था। तभी हादसा हो गया। बताया कि उसके एक पुत्र है। उसकी मौत से पत्नी ज्योति सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।