एट। थाना क्षेत्र के पिरौना-जागेश्वर मार्ग पर शनिवार सुबह हादसे में ट्रैक्टर चालक युवक की ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। दिवंगत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वाहन बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा। ट्रॉली के नीचे युवक दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एट थाना क्षेत्र के पिरौना गांव निवासी धर्मेंद्र यादव उर्फ गोलू (27) ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर के लिए मिट्टी लेने गया था। मिट्टी भरकर वापस लौटते समय वह पिरौना-जागेश्वर मार्ग पर माइनर के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में उसने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। मिट्टी से भरी ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई और चालक धर्मेंद्र उसके नीचे दब गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
धर्मेंद्र की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि वह अपने पिता भारत यादव का इकलौता पुत्र था। जवान बेटे की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने से आ रहे वाहन को बचाने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से हादसा हुआ प्रतीत होता है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है।