-पत्रकार वार्ता में पोस्टर दिखाते कांग्रेसी।
- फोटो : ORAI
उरई। युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अमित पांडेय उसरगांव ने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए नौकरी संवाद अभियान की शुरुआत ब्लाक स्तर से कर दी गई है। इस दौरान गांव-गांव में बेरोजगारों की खोज की जाएगी ताकि भाजपा सरकार की बेरोजगारों को रोजगार देने की झूठी पोल खोली जा सके।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कनिष्ठ पांडेय ने यह बात कही। पार्टी के जिला कार्यालय शहीद भवन में गुरुवार को वह पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी, जिलाध्यक्ष अनुज मिश्रा की मौजूदगी में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। श्री पांडेय ने कहा कि इस अभियान के तहत बेरोजगार युवाओं से मिलकर उनसे जुड़ने का काम किया जाएगा । अभियान के दौरान कार्यकर्ता हर विकास खंड स्तर पर बेरोजगार नौजवानों को बेरोजगारी फार्म और मिस काल के माध्यम से जोड़ने का काम किया जाएगा।
पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने बताया कि पिछले तीस साल से यूपी के कारखाने बंद होने से बेरोजगारी बढ़ी है युवा रोजगार पाने के लिए दर-दर भटक रहा है। सरकार की पोल को खोलने के लिए युवा कांग्रेस यह अभियान चला रही है। इस दौरान जिला महासचिव दीपांशु समाधिया, राहुल पांडेय, रामसिंह चौहान, शिव तिवारी, ऋषभ बिदुआ आदि मौजूद रहे।