उरई। कश्मीर घाटी में पिछले पांच दिनों में सात हिंदुओं की हत्याओं से आक्रोशित विश्व हिंदू परिषद ने शनिवार को शहीद भगत सिंह चौराहे पर नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान का पुतला फूंका। बाद में दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
विहिप जिलाध्यक्ष जयदीप त्रिपाठी, विहिप गोरक्षा विभाग के प्रांत सह संयोजक ओमकार ठाकुर के नेतृत्व में पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। इस दौरान विहिप नेताओं ने कहा कि कश्मीर घाटी में पांच दिनों में सात हिंदुओं की नृशंस हत्या कर दी गई। यह निंदनीय है। पाकिस्तान पर नकेल कसने के लिए पूरे विश्व को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि इस्लामिक जिहाद के खिलाफ सरकार को कठोर कदम उठाना चाहिए। विहिप कार्यकर्ता ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिला मंत्री ज्ञानेंद्र तिवारी, प्रिंस वर्मा, वीरेंद्र द्विवेदी, सत्यप्रकाश, दीपक तिवारी, अनिकेत चतुर्वेदी, ध्रुव कुमार आदि मौजूद रहे।