कोंच। पंचानन चौराहे के पास रविवार को निर्माणाधीन मकान की छत पर झूल रहे 33 केवीए की लाइन की चपेट में आकर मजदूर छत के नीचे गिर गया। मकान मालिक ने गंभीर रूप से झुलसे मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया। उसे वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पंचानन चौराहे के पास जालौन रोड पर ग्राम कनासी निवासी राजू पटेल के निर्माणाधीन मकान में पहली मंजिल पर काम चल रहा है। रविवार दोपहर एक बजे के करीब थाना कैलिया क्षेत्र के सामी गांव निवासी मजदूर शाहरुख (30) मकान के पिछले वाले हिस्से पर गया। छत पर झूल रही 33 केवीए की लाइन की चपेट में आकर झुलस गया और छत से नीचे आ गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के दुकानदारों ने दौड़कर मकान मालिक की घटना की सूचना दी। मकान मालिक ने तत्काल उसे कोंच सीएचसी में भर्ती कराया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शाहरुख कस्बे के नया पटेलनगर में पत्नी व बच्चों के साथ किराए के मकान में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।
इलाके में कई घरों पर झूल रही एचटी व 33 केवीए लाइन
कस्बे के नया पटेलनगर व गांधी नगर में दर्जनों घर ऐसे हैं। जिनकी छतों पर एचटी लाइन या 33 केवीए की लाइन झूलकर मौत को दावत दे रही है। इलाकाई लोग लंबे समय से शिकायतें कर झूलती लाइनें हटाने की मांग कर रहे हैं। इस लाइनों के कारण इन घरों की दूसरी मंजिल भी नहीं बन पा रही है। कोई छतों पर टहलने तक नहीं जाता है।