आटा। छेड़खानी का विरोध करने पर अपराधी प्रवृत्ति के शोहदे ने युवती के पिता को गोली मार दी। गोली पिता के कंधे पर लगी, उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां से झांसी रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने छेड़छाड़ से इंकार किया है। कहना है कि दो दिन पहले आरोपी ने युवती के घर में चोरी का प्रयास जरूर किया था। फिलहाल जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र के गांव निवासी 18 वर्षीय युवती का आरोप है कि गांव के ही युवक नंद किशोर उर्फ नंदू ने दो दिन पहले उसके साथ छेड़खानी की थी, जिस पर पिता ने चौकी जाकर शिकायत भी की। इसी खुन्नस में बुधवार की देर रात नंदू हाथ में तमंचा लेकर घर आया और बाहर से ही पिता को आवाज देकर बुलाया। जैसे ही पिता बाहर निकले उसने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही वह भी बाहर दौड़ पड़ी। इससे पहले कि नंदू तमंचे में दूसरा कारतूस लगाता उसने हाथ से तमंचा छीन लिया।
जब तक पड़ोस दौडे़ तो नंदू उसके हाथ से तमंचा छीनकर भाग निकला। गोली पिता के कंधे पर लगी थी। उन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल फिर झांसी ले जाया गया। सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अवधेश कुमार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल की पत्नी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि दो दिन पहले नंदू युवती के घर में चोरी के इरादे से घुसा था। जिसकी शिकायत युवती के पिता ने चौकी में जरूर की थी। इसी से गुस्सा होकर बुधवार रात नंदू युवती के घर पहुंचा था, तभी वारदात हो गई। छेड़खानी जैसी कोई बात ही नहीं है। यही तहरीर घायल की पत्नी ने भी दी थी।
तमंचा छीनकर पिता की जान बचाई
पहली गोली लगते ही पिता को लहूलुहान देख युवती ने हिम्मत दिखाई और आरोपी नंदू जब दूसरा कारतूस लगा ही रहा था, तभी वह उससे भिड़ गई और उसके हाथ से तमंचा छीन लिया। यदि वह ऐन वक्त पर तमंचा न छीनती तो दूसरी गोली से उसके पिता की जान भी जा सकती थी।
आरोपी नंदू पर दर्ज हैं और भी मामले
थाना पुलिस की मानें तो आरोपी नंदू पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। 2011 में उस पर एक युवती को बहला फुसलाकर ले जाने का फिर 2018, 19 और 20 में शराब तस्करी की भी रिपोर्ट दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि वह मिलावटी शराब भी बेचा करता था।
मां-बेटी के साथ मारपीट, छेड़छाड़ का आरोप
कोंच। कस्बे के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका पति प्लंबर का कार्य करता है, वह मजदूरी पर गया हुआ था तभी कस्बे के तीन युवक उसके घर पर आए और कहने लगे कि उसके पति से पानी की मोटर सुधरवाना है। महिला ने पति को घर पर नहीं होने की बात कही तभी उक्त युवक उसके घर के अंदर घुस आए और उसकी बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने लगे, एक बेटी का दुप्पटा भी खींच दिया और उसके साथ मारपीट कर दी। महिला का यह भी आरोप है कि उक्त युवक उसका मंगलसूत्र भी छीन ले गए। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच की बात कही।