कोंच। महिला ने तांत्रिक और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसकी बहू को बच्चा नहीं हो रहा था, जिस कारण तंत्र मंत्र के लिए वह तांत्रिक के पास गई थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी तांत्रिक को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। लिहाजा जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 44 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसके बहू के संतान नहीं हो रही है। लोगों के बताने पर वह अपनी बहू को लेकर 19 नवंबर को क्षेत्र के ही एक तांत्रिक के पास गई थी, जहां उसने अपनी समस्या बताई। इस पर तांत्रिक ने कहा कि बहू के संतान न होने पर बाधा तुम्हारे अंदर दिखाई दे रही है। इसलिए तुम्हारे साथ पूजा-पाठ करनी पड़ेगी और इसके बाद वह उसे साथ लेकर दूसरे गांव अपने गुरु तांत्रिक के पास ले गया।
महिला का आरोप है कि वहीं पर गुरु चेले व उनके एक साथी ने उसे कुछ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर तीनों ने उसके साथ दो दिन तक दुष्कर्म किया। होश आने पर वह घर पहुंची और फिर घरवालों को पूरी बात बताई। इस पर घर वालों ने गुरू तांत्रिक को बहाने से बुलाकर पकड़ लिया और मारपीट कर उसे शनिवार की दोपहर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर एलएन त्रिपाठी का कहना है कि महिला ने तहरीर दी है और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूरी जांच होने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।