फोटो - 06 मृतका मुस्कान की फाइल फोटो। स्रोत परिजन
कोंच। पति से विवाद के बाद महिला का शव फंदे से लटका मिला। मंगलवार की रात दोनों के बीच विवाद होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। पुलिस जांच में जुटी है। जबकि मायके पक्ष ने हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया।
कस्बे के मोहल्ला आराजी लाइन दोहर चौराहा, कैलिया रोड निवासी विवाहिता इखलाख की पत्नी मुस्कान (24) का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने बताया कि मंगलवार देर रात मुस्कान और उसके पति इकलाख के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कोतवाली तक पहुंच गया। वहां पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
इसके बाद देर रात मुस्कान ने घर के आंगन में बने कमरे के चौखट के वेंटिलेटर में दुपट्टे का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब दोनों छोटे बच्चे रोने लगे तो पति की आंख खुली। उसने आंगन में जाकर देखा तो मुस्कान फंदे पर लटकी हुई थी।
घटना के बाद पति सीधे कोतवाली पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।
बताया गया कि मुस्कान की शादी करीब चार वर्ष पहले 25 मई 2022 को इकलाख के साथ हुई थी। उसका मायका जालौन में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।