फोटो - 08 यमुना नदी किनारे जांच पड़ताल करती पुलिस। संवाद
कालपी। यमुना नदी में मिले महिला के शव की मंगलवार को उसके परिजनों ने शिनाख्त कर ली। महिला के पिता ने उसके पति पर हत्या कर नदी में फेंक देने का आरोप लगाया है। महिला का पति से तलाक का मुकदमा चल रहा था। पुलिस जांच में जुटी है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर निवासी रामआसरे ने बताया कि उसने अपनी बेटी मनीषा (27) की शादी 14 अप्रैल 2022 को कदौरा के मोहल्ला फर्रासखाना निवासी जय कुमार के साथ की थी। बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन उसे परेशान करने लगे और जय कुमार ने कोर्ट में तलाक का मुकदमा कर दिया तब से मनीषा मायके में रह रही थी। आरोप है कि जय कुमार को उसने कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसी को लेकर मनीषा लगातार तनाव में चल रही थी। सोमवार को सुबह के वक्त घर पर थी और शाम को उसका शव कालपी के पास यमुना नदी में मिला। आरोप है कि उसका पति सोमवार को घर से ले गया और नदी में फेंककर हत्या कर दी। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी। जांच की जा रही है।