उरई। अहमदाबाद में हादसे में महिला की मौत के बाद गुरुवार को जब उसका शव गांव पहुंचा तो ग्रामीण गमगीन हो गए। वह पति के साथ पानीपुरी बेचकर लौट रही थी तभी कार ने उसे टक्कर मार दी थी।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम तरसोल निवासी राहुल वर्मा चार वर्षों से गुजरात के अहमदाबाद में पानीपुरी बेचने का काम कर रहा था। चार वर्ष पहले शादी के बाद उसने पत्नी संध्या देवी (25) को भी सहयोग के लिए साथ ले गया था। मंगलवार की शाम दोनों पानीपुरी बेचकर कमरे की ओर लौट रहे थे। बताया कि जब वह सूरत हाईवे के पास पैदल जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। संध्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान रात में ही उनकी मौत हो गई। गुरुवार की शाम स्वजन शव को गांव तरसोल लेकर पहुंचे। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। संध्या के एक साल का बेटा और दो साल की बेटी है। (संवाद)