जालौन। कोटरा में युवक की बाइक अनियंत्रित होकर खेत की मेड़ पर चढ़ गई। इससे बाइक पर सवार महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे लेकर पीएचसी पहुंचे, जहां उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोटरा कस्बा निवासी ठाकुर पाल की पत्नी राजेश्वरी (58) खेत से अपने नाती रोहित के साथ मंगलवार की रात बाइक पर बैठकर घर लौट रही थी। तभी अचानक बाइक खेत की मेड़ पर चढ़ गई। इससे बाइक पर सवार राजेश्वरी खेत में गिरकर घायल होकर अचेत हो गईं। खेत पर काम कर रहे परिजन उसे आनन- फानन में पीएचसी लेकर आए जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना जैसे घर पहुंची तो घर में रोना-पीटना शुरू हो गया। परिजनों ने पुलिस को बिना बताए अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं कोटरा थानाध्यक्ष रमेशचंद्र मिश्रा बोले, उन्हें परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी।