कोंच। खाना बनाते समय सिलिंडर से आग लगने से एक महिला की जान चली गई। शनिवार की शाम को हुई इस घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई थी। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई।
कैलिया थाना क्षेत्र के लाडूपुरा गांव निवासी संतोष की पत्नी मीरा राठौर (30) शनिवार शाम को अपने किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस चूल्हे से रबर निकल गई, जिससे गैस तेजी से किचन में फैल गई। गैस फैलने के कारण अचानक आग लग गई और मीरा बुरी तरह झुलस गईं। उनके चिल्लाने पर पति संतोष मौके पर पहुंचे और तुरंत सिलिंडर बंद किया।
संतोष झुलसी पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि देर रात उपचार के दौरान मीरा राठौर की मौत हो गई। महिला की मौत से पुत्र नमन सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैलिया थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला की मौत आग लगने के कारण हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।