कालपी। कोतवाली क्षेत्र में ट्रक का टायर चेक करते समय करंट लगने से सहचालक के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में पुलिस ने मुख्य चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। घायल के भाई ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उन्नाव के थाना दही क्षेत्र के ग्राम दुआ निवासी अंकित ने बताया कि उसका भाई अमित ट्रक पर चालक है। 20 जुलाई को भोगनीपुर से बालू लेकर कदौरा जा रहे ट्रक को मुख्य चालक वीरेंद्र चला रहा था। हाईवे स्थित एक्सप्रेसवे ढाबा के पास चालक ने ट्रक रोककर अमित से टायर चेक करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने बिना कोई सूचना दिए ट्रक आगे बढ़ा दिया, जिससे वाहन ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया और पूरे ट्रक में करंट दौड़ गया। करंट लगने से अमित गंभीर रूप से झुलस गया। उसका उपचार उन्नाव में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)