कुठौंद (जालौन)। थाना क्षेत्र के खरका गांव में नशे में पिता के विवाद करने पर आक्रोशित पुत्र ने मारपीट कर उन्हें हाथ-पैर बांधकर घर में डाल दिया। इससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के साले की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के खरका गांव निवासी रमेश (52) शराब के लती थे। शनिवार को रमेश शराब पीकर घर आने के बाद उत्पात मचाने लगे। इसी दौरान घर की जमीन बेचने के मामले में उनकी पुत्र अनिल से कहासुनी होने लगी। बातचीत के बाद मामला इतना बढ़ा कि अनिल ने रमेश के साथ मारपीट की और उनके हाथ-पैर बांधकर घर के अंदर डाल दिया।
बताते हैं कि करीब चार घंटे हाथ पैर बंधे होने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। जिस पर परिजन उन्हेंलेकर कानपुर जा रहे थे। भोगनीपुर के पास रमेश ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर आए तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे रमेश के साले कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के परमू का पुरवा निवासी जितेंद्र ने थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र अनिल के खिलाफ गैरइरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। रमेश की मौत से पत्नी गोमती देवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
मां के साथ मामा के यहां रहता है आरोपी
खरका गांव निवासी रमेश की मौत के मामले में पुलिस आरोपी पुत्र की तलाश कर रही है। अनिल दो बहनों में अकेला है। लेकिन पिता के शराब के लती होने से वह मां के साथ अपने मामा के घर कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के परमू के पुरवा में रहता था। शनिवार को ही वह घर आया था। घर आते ही रमेश ने शराब के नशे में गाली गलौज कर दी। जिस पर पुत्र ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना, इसके बाद अनिल ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसके हाथ पैर बांध दिए। जिससे उसकी हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई।